भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका ने हराया, 2011 विश्वकप की बात क्यों कर रहे हैं फैंस…

India vs South Africa: Women World Cup 2025: Mens World Cup 2011: विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए महिला वर्ल्ड कप 2025 के 10वें लीग मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीकी टीम ने कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट और डी क्लर्क की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 49वें ओवर में जीत हासिल की।
रिचा घोष की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने निर्धारित 49.5 ओवर में 251 रन बनाए और विरोधी टीम को 252 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 48.5 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। भारत की ओर से रिचा घोष ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंदों में 94 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना (23) और प्रतिका रावल (37) ने भी टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि, भारतीय मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया और टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। साउथ अफ्रीका की ओर से क्लो ट्रायॉन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
साउथ अफ्रीका ने फेरा पानी !
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही, लेकिन कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट (70 रन) और डी क्लर्क (नाबाद 84 रन) ने टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। डी क्लर्क ने 40 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अंत तक टिके रहकर टीम को जीत की राह दिखाई। भारत की तरफ से क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। इस हार के साथ भारत की जीत की हैट्रिक रुक गई। टीम ने अपने पहले दो मुकाबलों में पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सकी। वहीं, साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज करते हुए अंकतालिका में दो महत्वपूर्ण अंक जोड़े।
2011 विश्वकप को किया जा रहा है याद
भारत की हार को शुभ भी माना जा रहा है। पहले तो क्रिकेट एक्सपर्ट इसे वेकअप कॉल बोल रहे हैं। दूसरा धोनी की अगवाई वाली टीम इंडिया को भी 2011 में साउथ अफ्रीका ने हराया था, वो मैच भी बिल्कु ऐसा ही रहा था। अब फैंस बोल रहे हैं कि जो 2011 में हुआ वो 2025 में दोबारा होगा। 2011 विश्वकप भी भारत में खेला गया था।





