साई सुदर्शन शॉर्ट लेग पर चोटिल हो गए लेकिन कैच नहीं छोड़ा, ये कैच कोई भूलेगा नहीं ?

India vs West Indies: Delhi: Sai Sudharsan Catch: दिल्ली में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक खतरनाक पल देखने को मिला। भारतीय फील्डर साई सुदर्शन शॉर्ट लेग पर फील्डिंग करते हुए जॉन कैम्पबेल का शॉट रोकने के प्रयास में चोटिल हो गए। हालांकि उन्होंने अपनी सूझबूझ से शानदार कैच पकड़कर भारत को महत्वपूर्ण विकेट दिलाया, लेकिन इस दौरान उनका हाथ बुरी तरह चोटिल हो गया।
घटना दूसरे दिन वेस्टइंडीज की पारी के आठवें ओवर में हुई। रवींद्र जडेजा गेंदबाजी कर रहे थे और कैम्पबेल ने स्वीप शॉट खेला। गेंद सीधा सुदर्शन के हाथ और छाती पर जाकर लगी, लेकिन उन्होंने दर्द झेलते हुए गेंद को पकड़ लिया। यह कैच देखकर बल्लेबाज और टीम दोनों हैरान रह गए। हालांकि, गेंद की ताकत इतनी थी कि सुदर्शन को तुरंत मैदान छोड़ना पड़ा। टीम फिजियो ने उनका प्राथमिक उपचार किया और हाथ पर बर्फ लगाई।
तीसरे सत्र में सुदर्शन फील्डिंग के लिए नहीं लौटे, उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल को फील्डिंग के लिए उतारा गया। टीम प्रबंधन के अनुसार, सुदर्शन की चोट गंभीर लग रही है और उनके अगले दिन मैदान पर उतरने की संभावना कम है।
इससे पहले, भारत ने अपनी पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 518 रन पर पारी घोषित की। यशस्वी जायसवाल ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 129 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।





