आईपीएल के शुरू होने से पहले जयपुर के क्रिकेट फैंस को लिए खुशखबरी

Jaipur: Ipl: Cricket: Bcci: जयपुर के क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी राहत की खबर है। सवाई मानसिंह स्टेडियम को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब लगभग खत्म हो गई है। राज्य सरकार की ओर से गठित हाई-लेवल तकनीकी समिति ने स्टेडियम को सुरक्षित करार दिया है, जिसके बाद गुलाबी नगरी में आईपीएल मैचों के आयोजन की राह साफ हो गई है।

राजस्थान रॉयल्स द्वारा स्टेडियम की संरचनात्मक मजबूती पर सवाल उठाए जाने के बाद मामला गरमा गया था। इसी को देखते हुए सरकार ने विशेषज्ञों की एक कमेटी बनाई थी, जिसमें PWD के वरिष्ठ इंजीनियर और MNIT के तकनीकी विशेषज्ञ शामिल थे। विस्तृत निरीक्षण के बाद कमेटी की रिपोर्ट सकारात्मक रही है।

‘होम ग्राउंड’ पूरी तरह सुरक्षित

खेल सचिव नीरज कुमार पवन के मुताबिक, समिति की शुरुआती रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि सवाई मानसिंह स्टेडियम पूरी तरह सुरक्षित है। रिपोर्ट में यह भी जोड़ा गया है कि कुछ छोटे-मोटे सुधार कार्य पूरे कर लिए जाएं, तो स्टेडियम आईपीएल जैसे बड़े और हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

पुणे शिफ्ट की अटकलों पर ब्रेक

कुछ समय पहले यह चर्चा तेज हो गई थी कि राजस्थान रॉयल्स अपना होम ग्राउंड जयपुर से हटाकर पुणे ले जा सकती है। इससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में निराशा का माहौल था। हालात को संभालने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार, RCA और BCCI के बीच बातचीत हुई। अब PWD की रिपोर्ट आने के बाद यह खतरा फिलहाल टल गया है।

बड़े आयोजनों का सफल इतिहास

राज्य सरकार का कहना है कि SMS स्टेडियम पहले भी कई बड़े आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुका है। हाल ही में यहां विजय हजारे ट्रॉफी और इंडियन आर्मी डे जैसे कार्यक्रम बिना किसी परेशानी के संपन्न हुए थे। यह स्टेडियम की मजबूती और प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है।

RCA की एडहॉक कमेटी के संयोजक दीनदयाल कुमावत ने बताया कि जरूरी सुधार कार्य शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में इस बार भी जयपुर में “हल्ला बोल” के नारों के साथ आईपीएल का रोमांच देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *