भारत अंडर-19 विश्वकप का चैंपियन बना, ICC की तरफ से कोई इनाम नहीं मिलेगा

India vs England: Under-19 World Cup: Prize Money: भारतीय क्रिकेट ने एक बार फिर युवा स्तर पर अपना दबदबा साबित किया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से मात देकर छठी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का प्रदर्शन हर मायने में यादगार रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की इस शानदार पारी के केंद्र में रहे सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने आक्रामक अंदाज में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 30 चौके-छक्के शामिल रहे, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 40.2 ओवर में 311 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि भविष्य के सितारों की एक मजबूत झलक भी पेश की।
ICC से क्यों नहीं मिली प्राइज मनी?
इतनी बड़ी उपलब्धि के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों को ICC की ओर से कोई नकद इनाम नहीं दिया गया। दरअसल, आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप को व्यावसायिक टूर्नामेंट की बजाय एक डेवलपमेंट इवेंट के रूप में देखता है। इसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अनुभव देना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करना होता है।
आईसीसी पहले ही अपने सदस्य देशों को विकास कार्यक्रमों के तहत आर्थिक सहायता देता है, इसी वजह से इस टूर्नामेंट में अलग से पुरस्कार राशि की व्यवस्था नहीं की जाती।
BCCI दे सकता है बड़ा इनाम
हालांकि खिलाड़ियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। BCCI की परंपरा रही है कि वह जूनियर टीमों की बड़ी उपलब्धियों को नकद पुरस्कारों के साथ सम्मानित करता है। पिछले वर्षों में अंडर-19 पुरुष और महिला टीमों को करोड़ों रुपये के इनाम दिए जा चुके हैं।
अब 2026 के इस ऐतिहासिक खिताब के बाद उम्मीद की जा रही है कि बीसीसीआई जल्द ही खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बड़े नकद पुरस्कार की घोषणा करेगा। आधिकारिक ऐलान भले ही अभी बाकी हो, लेकिन जश्न की तैयारी शुरू मानी जा रही है।





