राजस्थान में बनेगी बुलडोजर वाली सरकार, भाजपा सांसद ने दिया बयान

अलवर। राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से दोनों पार्टियां तैयारी में जुट गई है। एक ओर पांच राज्यों में हार के बाद कांग्रेस राजस्थान को किसी भी हाल में खोना नहीं चाहती है। वही दूसरी ओर चार राज्यों में प्रचंड बहुमत के बाद भाजपा राजस्थान में भी कमल खिलाने की तैयारी में जुटी है। इस बार के चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा यूपी की हो रही है। जहां योगी सरकार ने माफियाओं पर बुलडोजर चलाकर पूरे देश में तहलका मचा दिया। अब राजस्थान में भी बुलडोजर वाली सरकार बनाने का दावा भाजपा के नेताओं द्वारा किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद महंत बालक नाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बाद अब राजस्थान में भी भाजपा की बुलडोजर वाली सरकार बनेंगी। भाजपा ने चार राज्यों में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इस विधानसभा चुनाव में बुल्डोजर चर्चाओं में रहा है। राजस्थान के अलवर से सांसद महंत बालक नाथ ने होली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों से कहा कि अब राजस्थान में भी बुलडोजर वाली सरकार बनेगी।
सांसद महंत बालक नाथ ने कहा कि भारत की जनता पूर्ण रूप से हमारे साथ है। जो भारत की सम्मान करेगा, जो भारत माता की बात करेगा, जो भारत की करोड़ों जनता की बात करेगा और जो जाति और धर्म से ऊपर उठकर भारत की बात करेगा। उसी की सरकार बनेगी। इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरूर बनेगी। इस दौरान अलवर पहुंचने पर चौराहे पर सांसद महंत बालक नाथ का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके समर्थकों ने बुलडोजर पर चढक़र रैली निकाली। इस दौरान अलवर सांसद महंत बालक नाथ बुलडोजर पर चढक़र जेल चौराहे से रैली के रूप में अपने कार्यालय तक पहुंचे।